*Breaking jashpur:- ‘बेटे जैसे’ संजय-मिथलेश पर लगा दादी को पीटने का दाग, टोभा दादी ने आंसू पोंछकर कहा- “इन्होंने कुछ नहीं किया”*

(सोनू जायसवाल की रिपोर्ट)

*बगीचा/जशपुर, 1 जुलाई 2026:* बगीचा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ मारपीट के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों को पुलिस ने प्रथम दृष्टया भ्रामक बताया है। थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने पुष्टि की कि जांच में संजय मद्रासी और मिथलेश यादव द्वारा महिला से मारपीट का आरोप गलत पाया गया है।

*क्या है पूरा मामला:*
सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट और वीडियो वायरल हुए थे जिनमें दावा किया गया था कि बगीचा में संजय मद्रासी और मिथलेश यादव ने 70 साल की वृद्ध महिला से मारपीट की है। मामला तूल पकड़ने पर जिला प्रशासन और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इसी बीच संजय मद्रासी और मिथलेश यादव खुद बगीचा थाना पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।

*वृद्ध महिला ने खुद किया खंडन:*
थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित वृद्ध महिला टोभा, निवासी वार्ड क्रमांक-2, लोटा से पूछताछ की गई। महिला ने पुलिस को स्पष्ट बयान दिया कि _“संजय मद्रासी और मिथलेश यादव द्वारा उनके साथ किसी प्रकार की मारपीट, गाली-गलौज या विवाद नहीं किया गया है।”_

*पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है मामला:*
महिला ने पुलिस को बताया कि उनका विवाद लंबे समय से चल रहे पारिवारिक भूमि विवाद से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान परिवार के ही कुछ सदस्यों के साथ विवाद हुआ था, जिसमें उन्हें चोट आई थी और इलाज के लिए अंबिकापुर जाना पड़ा था। *“वर्तमान में मेरे साथ किसी प्रकार की मारपीट की घटना नहीं हुई है,”* महिला ने स्पष्ट किया।

*सुप्रीम कोर्ट तक गया था जमीन विवाद:*
पुलिस जांच में सामने आया कि लोटा मुख्य मार्ग के दोनों ओर स्थित भूमि को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच वर्षों से विवाद चल रहा है। यह मामला हाईकोर्ट होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में संबंधित भूमि का कब्जा दिलाया जा चुका है।

*थाना प्रभारी का बयान:*
थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने कहा – _“सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे मारपीट के दावों की पुष्टि जांच में नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया स्पष्ट है कि वृद्ध महिला के साथ संजय मद्रासी और मिथलेश यादव द्वारा मारपीट नहीं की गई। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।”_