जशपुर जिले के कुनकुरी ब्लॉक स्थित ग्राम कमतरा में 25 अक्टूबर 2026 को जूनियर फुटबॉल फाइनल मैच का भव्य आयोजन किया गया। इस समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय एथलीट अनिमेष कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए समय के महत्व, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत करने का प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम में जशपुर पुलिस के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


कार्यक्रम में अनिमेष कुजूर के साथ जशपुर जिले के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जनपद अध्यक्ष कुनकुरी सुशीला साय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक कुमार, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) के.आर. चौहान और अनिमेष कुजूर के माता-पिता, उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर एवं डीएसपी रीना नीलम कुजूर भी उपस्थित रहे। अनिमेष कुजूर ने सर्वप्रथम इस शानदार आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अनिमेष कुजूर ने युवाओं को सोशल मीडिया और खेल जगत में प्रायोजन (Sponsorship) के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि कैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी मेहनत और उपलब्धियों के दम पर बड़े संस्थानों का सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें Puma और Reliance Foundation द्वारा प्रायोजन प्राप्त होता है, जिससे उन्हें यात्रा और खेल संबंधी गतिविधियों में सहायता मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपने बेहतर भविष्य के लिए अभी से मेहनत शुरू करने, समय का महत्व समझने और पूरे मनोयोग से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल हो या कोई अन्य क्षेत्र, निरंतर मेहनत और लगन से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। व्यक्ति जिस भी क्षेत्र में कार्य कर रहा हो, उसे पूरी लगन और मेहनत के साथ अपना कार्य करना चाहिए। लगातार प्रयास करने और समय का सदुपयोग करने से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने युवाओं को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
अनिमेष कुजूर ने ग्राम कमतरा के नशामुक्त होने पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने ग्राम सरपंच अभिषेक कुजूर सहित समस्त ग्रामवासियों के प्रयासों की सराहना की और जिले की अन्य ग्राम पंचायतों से भी नशामुक्ति की दिशा में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है कि ग्रामीणों, युवाओं तथा जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से गांव में नशामुक्ति की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला, खासकर जब वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में योगदान देते हैं।

एक मार्मिक अपील करते हुए, अनिमेष कुजूर ने अपने एक साथी खिलाड़ी की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व उनके साथी की बाइक चलाते समय डिवाइडर से टकराने के कारण मृत्यु हो गई थी, क्योंकि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। उन्होंने कहा कि यदि हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। इस घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने युवाओं से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का सम्मान करने की भावुक अपील की।


