जशपुर/बादलखोल। बादलखोल अभ्यारण्य क्षेत्र के गायलुंगा से बछराव मार्ग की बदहाल स्थिति को देखते हुए सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। उपनिदेशक, एलीफेंट रिजर्व सरगुजा, अंबिकापुर के निर्देशन में गेम रेंजर नारायणपुर द्वारा जेसीबी मशीन एवं श्रमिकों की मदद से सड़क को समतल करने और आवश्यक सुधार कार्य कराया जा रहा है।

लंबे समय से खराब सड़क के कारण बारिश के दिनों में क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्कूली बच्चों, अस्पताल जाने वाले मरीजों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य राहगीरों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया था। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहनों के फंसने की स्थिति भी बन रही थी।
अब सड़क सुधार कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की पहल के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के प्रति आभार जताया है। लोगों का कहना है कि सड़क के सुधरने से बादलखोल अभ्यारण्य क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

