*एक ही जमीन की 2 बार रजिस्ट्री, अधिकारियों के संरक्षण में भू-माफियाओं का खेल, एक साल से न्याय की गुहार, अब पीड़ित पहुंचा डीजीपी तक*

*जशपुर/बगीचा।* जिले के सन्ना तहसील से जमीन फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पटवारी और अधिकारियों की मिलीभगत से भू-माफियाओं ने एक ही जमीन की दो बार रजिस्ट्री कर दी। पीड़ित पिछले एक साल से न्याय के लिए भटक रहा है।

मामला सन्ना तहसील के ग्राम सन्ना का है। दुलदुला निवासी रविकांत शर्मा पिता विष्णु प्रसाद शर्मा ने 11 वर्ष पहले सन्ना स्थित खसरा नंबर 1764/2278/6, रकबा 0.29 हेक्टेयर जमीन रमेश केशरी से खरीदी थी। बगीचा रजिस्ट्री कार्यालय से रजिस्ट्री और नामांतरण भी हो चुका था।

पीड़ित का आरोप है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड दुरुस्त न होने का फायदा उठाकर विक्रेता रमेश केशरी और उसके भतीजा प्रियांशु केशरी उर्फ रिशु केशरी ने पटवारी, रजिस्ट्रार और बाबुओं से मिलीभगत कर उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद प्रियांशु केशरी ने जमीन अपने नाम दर्ज करा ली।

पीड़ित ने 17.06.2025 को थाना सन्ना, 18.06.2025 को SP जशपुर और 03.11.2025 को कलेक्टर जशपुर को लिखित शिकायत दी। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ित ने SP जशपुर के साथ-साथ डीजीपी छत्तीसगढ़ को भी पत्र लिखकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने अपना वीडियो भी जारी किया है।

*आरोपी पर कई मामले लंबित*
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी प्रियांशु केशरी उर्फ रिशु केशरी सन्ना क्षेत्र का जमीन दलाल है। उस पर तहसील न्यायालय, SDM और कलेक्टर कार्यालय में कई जमीन संबंधी प्रकरण लंबित हैं। इसके अलावा मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और एट्रोसिटी एक्ट के मामले भी न्यायालय में विचाराधीन हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि एट्रोसिटी केस में गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी को न्यायालय में पेश नहीं किया गया।

अब देखना होगा कि डीजीपी तक पहुंची इस शिकायत पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।