नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। दिल्ली के बाद अब पंजाब में बड़ी उलटफेर होने जा रही है।मिली जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी ने पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान को हटाने का निर्णय लिया है। उनकी जगह कोटकपूरा से विधायक और विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संथवा को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया है। यही नहीं इस बार दो डिप्टी सीएम भी बनाए जाएंगे। संभावना है कि सरदार संधवा सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। खबर लिखे जाने तक दिल्ली में आम आदमी पार्टी के हाईकमान के साथ बैठक चल रही है। जानकार सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत मान बीते चार दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए आलाकमान ने यह निर्णय लिया है।
बताते चलें कि कोटकपूरा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की टिकट पर लगातार दूसरी बार विधायक चयनित होने वाले कुलतार सिंह संधवां को पंजाब की 16वीं विधानसभा का स्पीकर बनाया गया था। मूलरूप से गांव संधवां के रहने वाले कुलतार सिंह संधवां देश के पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के सगे भाई जगीर सिंह के पोते हैं और उन्होंने कर्नाटक यूनिवर्सिटी से ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग की डिग्री की हुई है। कुलतार सिंह संधवां ने अपना राजनीतिक जीवन साल 2003 में गांव के सरपंच चुनाव से किया था जिसमें वह सफल रहे थे। साल 2012 में उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली और पार्टी के लिए काम करना शुरू किया। साल 2017 के चुनाव में कोटकपूरा से पहली बार विधायक पद का चुनाव लड़ा और करीब 10 हजार मतों से विजयी हुए थे। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विपक्षी विधायक के रूप में कुलतार सिंह संधवां ने अपनी एक पहचान बनाई और सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। पार्टी में उन पर प्रवक्ता व किसान विंग के प्रदेशध्यक्ष की जिम्मेदारी थी। इस बार के चुनाव में भी उन्होंने कांग्रेस व अकाली दल को पीछे छोड़ते हुए शानदार जीत अर्जित की थी।
